Mission Statement

मिशन वक्तव्य

‘राग देश’ हिन्दी के पत्रकार Qamar Waheed Naqvi (क़मर वहीद नक़वी) का साप्ताहिक कॉलम है. ‘राग देश’ प्रतिबद्ध है लोकतंत्र व सेकुलरिज़्म के प्रति.
‘राग देश’ प्रतिबद्ध है मानवाधिकारों, सामाजिक समरसता और एक उदार, प्रगतिशील, आधुनिक व समतामूलक समाज के निर्माण के प्रति.

‘राग देश’ प्रतिबद्ध है भ्रष्टाचार, शोषण व उत्पीड़न मुक्त समाज के निर्माण के प्रति, एक ऐसा समाज जहाँ संसाधनों और अवसरों पर सबका समान अधिकार हो. वंचितों, दलितों, आदिवासियों, हाशिए पर छूट गये वर्गों और ग़रीबों का उत्थान और विकास शासन और समाज की सर्वोच्च प्राथमिकता हो. जंगल और ज़मीन के अधिकारों का सम्मान किया जाये.

‘राग देश’ रंग, रूप, लिंग, नस्ल, धर्म, जाति, प्रान्त, पेशा, भाषा, बोली, खान-पान, रहन-सहन, शारीरिक विकलांगता या किसी अन्धविश्वास के आधार पर मनुष्यों में किसी भी प्रकार के भेदभाव या ऊँच-नीच का प्रबल विरोधी है.

‘राग देश’ महिलाओं और पुरुषों में सम्पत्ति, रोज़गार, उत्तराधिकार और सामाजिक हैसियत समेत हर स्तर पर बराबरी का समर्थक है और महिलाओं के लिए किसी अलग जीवन-शैली, अलग नैतिक मूल्यों, अलग पैमानों, अलग ड्रेस कोड, विधि-विधान, पर्दे या नक़ाब की व्यवस्था का प्रबल विरोधी है. धर्म, संस्कृति, परम्परा या रीति-रिवाजों के नाम पर चल रही इस प्रकार की तमाम रूढ़ियों के विरुद्ध चेतना जगाना और समाज को इनसे मुक्त कराना ‘राग देश’ का लक्ष्य है.

‘राग देश’ संसार में हर प्रकार के पुरातनपंथ, मानवता-विरोधी प्रतिगामी दकियानूसी विचारों, धार्मिक कट्टरपंथ, चरमपंथ, साम्प्रदायिकता, धर्म आधारित राज्य, अनुदारवाद, असहिष्णुता, तानाशाही, अधिनायकवाद और फ़ासिस्ट प्रवृत्तियों का प्रबल विरोधी है.

‘राग देश’ के लिए सबसे पवित्र पुस्तक भारत का संविधान है, इसलिए ‘राग देश’ लोकतंत्र और सेकुलरिज़्म की अवधारणा के विरोधी किसी छद्म राष्ट्रवाद, विचार, व्यक्ति, संगठन या राजनीतिक दल के विरुद्ध संघर्षरत रहने के लिए प्रतिबद्ध है.

‘राग देश’ ऐसे कामन सिविल कोड (समान नागरिक संहिता) का पक्षधर है, जो सामाजिक बराबरी और आधुनिक जीवन मूल्यों पर आधारित हो.

‘राग देश’ समलैंगिक यौन सम्बन्धों को व्यक्तियों का निजी चुनाव मानता है. और उनकी इस निजी स्वतंत्रता का सम्मान करता है.

‘राग देश’ संसार में हर प्रकार के अतिवाद, उग्रवाद और आतंकवाद का प्रबल विरोधी है और किसी भी आधार पर इन्हें जायज़ नहीं मानता.

‘राग देश’ किसी भी प्रकार की हिंसा के पूर्णत: विरुद्ध है, चाहे वह किसी भी उद्देश्य (राष्ट्र रक्षा व आत्मरक्षा को छोड़ कर) के लिए की जाये. ‘राग देश’ फाँसी की सज़ा का भी विरोधी है.

‘राग देश’ अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता, स्वच्छ राजनीति, चुनाव सुधारों, न्यायपालिका और सभी सांविधानिक संस्थाओं की स्वायत्ता व स्वतंत्रता का प्रबल हिमायती है.

‘राग देश’ निष्पक्ष, ईमानदार, आब्जेक्टिव और तथ्यपरक विश्लेषण में विश्वास रखता है और मानता है कि किसी घटना, मुद्दे या विषय का विश्लेषण करते समय उससे सम्बन्धित सभी तथ्यों और पक्षों को उचित प्रतिनिधित्व दिया जाना चाहिए, तथ्यों और पक्षों को अपनी सर्वोत्तम जानकारी के अनुसार सही- सही और तोड़-मरोड़ के बिना प्रस्तुत किया जाना चाहिए.

‘राग देश’ सभी राजनीतिक दलों से एक समान दूरी बना कर चलने में विश्वास करता है. ‘राग देश’ के लेखक क़मर वहीद नक़वी पत्रकारिता के अपने 35 वर्षों से ज़्यादा के सक्रिय करियर में न किसी राजनीतिक दल या नेता के निकट रहे, न इनमें से किसी से उनकी कोई मित्रता रही, न उनसे कभी किसी प्रकार का लाभ लिया. इसलिए ‘राग देश’ किसी राजनीतिक दल का पक्षधर नहीं है और उनके आचरण, कार्यों, नीतियों का आकलन, समर्थन या आलोचना ऊपर दिये गये बुनियादी मूल्यों की कसौटियों के आधार पर ही करता है.

और अन्त में. ‘राग देश’ का अपना एक पक्ष है और वह है ऊपर दिये गये बुनियादी मूल्य. ‘राग देश’ सदैव उसके पक्ष में खड़ा दिखेगा, जो शोषित व उत्पीड़ित हो और जिसे न्याय मिलना चाहिए, चाहे उसकी विचारधारा कुछ भी हो.

PLEASE NOTE

Hindi translation given here is only indicative and for the purpose of explaining the basic intent of the above stated policy to Hindi audience and it may or may not fully or exactly express the content of English version.
Therefore, the English version will be considered FINAL for all purposes.

ऊपर दी गयी नीति का हिन्दी अनुवाद यहाँ केवल हिन्दी पाठकों को सांकेतिक रूप से नीति का बुनियादी मंतव्य बताने के उद्देश्य से दिया गया है और ज़रूरी नहीं कि हिन्दी अनुवाद मूल अंगरेज़ी पाठ को पूरा-पूरा और सही-सही ही प्रस्तुत करता हो.
इसलिए मूल अंगरेज़ी पाठ ही किसी भी व्याख्या के लिए अन्तिम माना जायेगा.